Trending

Jaunpur News : उद्योग बंधु की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, ऋण वितरण में तेजी के निर्देश

Naya Savera Network


जिलाधिकारी ने कहा- पात्र युवाओं को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाएं

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को निर्देश दिया कि दोनों योजनाओं के तहत अधिक से अधिक पात्र युवाओं को लाभान्वित किया जाए और ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। जिन आवेदन पत्रों का वर्गीकरण पूरा हो चुका है, उनका भौतिक सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक युवा आत्मनिर्भर बन सकें।

बैठक में सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या का मुद्दा भी उठा। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समस्या का निस्तारण करा दिया गया है, जिस पर सीड़ा के उद्यमियों ने सहमति जताई।

जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल की भी समीक्षा की और अधिकारियों को लंबित आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र सीड़ा में पार्क की साफ-सफाई कराने तथा धारा 80 के तहत मेसर्स गोयनका होंडा के विस्तार की कार्रवाई प्राथमिकता से करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश समेत औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!