Trending

Jaunpur News : पीड़िता ने पुलिस पर चौकी और कोतवाली के चक्कर लगवाने का लगाया आरोप

Naya Savera Network

घायल दंपती शिकायत लेकर काट रहा थाने-चौकी का चक्कर

थानागद्दी (जौनपुर)। स्थानीय क्षेत्र के टुसौरी गांव की एक महिला ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट करने और मंगलसूत्र छीनने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचने पर उसे थानागद्दी चौकी और कोतवाली के बीच चक्कर लगवाया गया, लेकिन न तो उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और न ही मुकदमा दर्ज किया गया।

टुसौरी गांव निवासी पुष्पा पत्नी सोनू ने शुक्रवार को थानागद्दी चौकी पर पड़ोसियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर बताया कि करीब पांच दिन पूर्व उसके पति रोज की तरह घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पड़ोसी के घर के पास गिर गई, जिससे वहां लगी पाइप टूट गई। पीड़िता के अनुसार, पाइप टूटने से हुए नुकसान की भरपाई ग्राम प्रधान और गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में कर दी गई थी।

आरोप है कि इसके बावजूद गुरुवार की रात पड़ोसी पक्ष के लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने पुष्पा और उसके पति के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उसके गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया।

पुष्पा का आरोप है कि घटना के बाद शुक्रवार की सुबह वह शिकायत लेकर थानागद्दी चौकी पहुंची, जहां पुलिसकर्मियों ने उसे कोतवाली जाने को कहा। कोतवाली पहुंचने पर वहां से दोबारा चौकी भेज दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, चौकी पर करीब एक घंटे बैठाने के बाद उससे कहा गया कि कृष्ण जन्माष्टमी के कारण आज कुछ नहीं हो सकता, शनिवार को आने की बात कही गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना में घायल होने के बावजूद उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और न ही मुकदमा दर्ज किया गया। उसने पुलिस पर कार्रवाई के बजाय उसे चौकी और कोतवाली के बीच चक्कर लगवाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!