Trending

Jaunpur News : दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क ई-ट्राइसाइकिल

Naya Savera Network

एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में जमा करना होगा आवेदन

जौनपुर। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में स्कूल जाने वाली एवं शिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की योजना संचालित की जा रही है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश कुमार नायक ने पात्र दिव्यांग छात्राओं से योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की है।

योजना के तहत ऐसी दिव्यांग छात्राएं पात्र होंगी, जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से ग्रसित हों अथवा इसी प्रकार की शारीरिक स्थिति वाली हों। छात्रा की दृष्टि एवं मानसिक स्थिति ठीक होने के साथ कमर के ऊपर का हिस्सा स्वस्थ होना चाहिए। इसके अलावा छात्रा ई-ट्राइसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उपकरण का संचालन करने में सक्षम होनी चाहिए। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाणित होना भी अनिवार्य है।

योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांग छात्रा की आयु 16 वर्ष या उससे अधिक तथा जौनपुर जिले की स्थायी निवासी होना आवश्यक है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सबसे पहले गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले पात्र लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा। छात्रा को जिस शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही है, वहां के संस्थाध्यक्ष द्वारा जारी प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

पात्र छात्राओं को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, शिक्षण संस्थान का प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता दर्शाता हुआ नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो तथा मोबाइल नंबर के साथ आवेदन करना होगा।

आवेदन पत्र जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, जौनपुर में एक सप्ताह के भीतर जमा करना होगा। विभाग ने पात्र छात्राओं से निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!