Trending

Jaunpur News : अंत्योदय का अर्थ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा: कृपाशंकर सिंह

Naya Savera Network

पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती की पूर्व संध्या पर निःशुल्क नेत्र शिविर, 500 जरूरतमंदों की हुई जांच

जौनपुर। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर तेजी बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिश्रम संस्था के सहयोग से विशाल निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मल्हनी विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से पहुंचे करीब 500 जरूरतमंद मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों की सलाह पर मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं, मोतियाबिंद एवं गंभीर नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।

शिविर के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े गरीब, शोषित और वंचित व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं।

पीएचसी पर जनरेटर के लिए डीएम और सीएमओ से की वार्ता

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विद्युत व्यवस्था का मुद्दा सामने आने पर कृपाशंकर सिंह ने मौके से ही जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता की। उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता बताते हुए जनरेटर की व्यवस्था कराने की बात रखी। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी गंगाराम से भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए जल्द जनरेटर सेट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि बिजली कटौती की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

वाराणसी में निःशुल्क होंगे मरीजों के ऑपरेशन

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सराहनीय कार्य है। उन्होंने बताया कि शिविर में जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई है, उनके ऑपरेशन वाराणसी के शंकर नेत्र चिकित्सालय में निःशुल्क कराए जाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व पुलिस अधीक्षक राममोहन सिंह, श्यामराज सिंह, डॉ. विकास सिंह, मुकेश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी गंगाराम, राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद, रानी उपाध्याय, राजेश सिंह, पीयूष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!