Trending

Jaunpur News : भारत टैक्सी समेत चार महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ, जौनपुर में हुआ सजीव प्रसारण

Naya Savera Network

जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से सहकारिता विभाग के अंतर्गत चार महत्वाकांक्षी योजनाओं और ऐप का शुभारंभ किया। इनमें ‘भारत टैक्सी’ ऐप, ‘उर्वरक सेतु’ ऐप, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना तथा यूपीसीडीसी डेटाबेस ऐप शामिल हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देना, उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता लाना, किसानों की आय बढ़ाना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, जौनपुर के अध्यक्ष कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह, डीसीएफ चेयरमैन धनंजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ब्रजेश पाठक, एलडीबी निदेशक अजय सिंह, डीसी एनआरएलएम सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, किसानों और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम में सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास लिमिटेड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषक अजय कुमार सिंह, अशोक कुमार, कमलेश कुमार, अशोक कुमार और सुरेश को जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उनके कार्यों की सराहना भी की गई।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 250 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया। किसानों को नवशुभारंभित योजनाओं और ऐप की उपयोगिता, उद्देश्यों तथा उनसे मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सहकारिता और कृषि क्षेत्र को आधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इन योजनाओं से किसानों को विभिन्न सेवाएं अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध होंगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और अन्य किसानों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई योजनाएं किसानों और युवाओं के लिए उपयोगी साबित होंगी। डिजिटल तकनीक के माध्यम से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक अधिक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों और युवाओं को सीधे लाभ पहुंचाने के साथ संबंधित व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का जिले में प्रभावी और पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में जिले के लिए व्यापक संभावनाएं हैं, इसलिए संबंधित विभाग इनके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया जल्द पूरी करें।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!