जौनपुर। दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, सेवा एवं सामाजिक समरसता के लिये समर्पित राष्ट्रीय संगठन सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मण्डल) जिला जौनपुर (काशी प्रान्त) की ओर से सृजन संस्था सुंगुलपुर (कुल्हनामऊ) में समावेशी रक्षाबन्धन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में सक्षम के पदाधिकारियों ने दिव्यांग बच्चों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व उनके साथ उल्लासपूर्वक मनाया।
इस दौरान पदाधिकारियों ने बच्चों को स्नेह, उपहार एवं मिष्ठान देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। रक्षासूत्र के माध्यम से बच्चों के साथ अपनत्व का रिश्ता मजबूत करने के साथ समाज में समानता, सम्मान और सामाजिक समावेशन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ते हुये उनमें आत्मविश्वास और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना रहा।
सृजन संस्था के संस्थापक डॉ. संजय मिश्रा ने सक्षम संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग बच्चों के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने और उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सक्षम के जिलाध्यक्ष डॉ. उत्तम गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही रक्षाबंधन पर्व की सच्ची सार्थकता है। दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें स्नेह, सम्मान और समान अवसर देकर ही एक समावेशी समाज का निर्माण किया जा सकता है। संगठन उनके सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण के लिये निरन्तर प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम में सक्षम के जिलाध्यक्ष डॉ. उत्तम गुप्ता, जिला सचिव विक्रान्त, धीमहि प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ साधना मौर्य, युवा प्रमुख किशन, सृजन संस्था के संस्थापक डॉ संजय मिश्रा सहित उनकी पूरी शैक्षिक टीम उपस्थित रही।

