Trending

Jaunpur News : बोडे़पुर में बरामदे में सोते रहे दंपती, कमरे की पेटी तोड़कर जेवर चोरी

Naya Savera Network

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के बोडे़पुर गांव में चोर एक दंपती के घर से करीब दो तोले सोने के जेवर और चांदी की पायल चोरी कर ले गए। घटना के समय दंपती घर के बरामदे में सो रहे थे। सुबह कमरे का दरवाजा खुला और पेटी का ताला टूटा मिलने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर मुकदमा दर्ज कराया है।

बोडे़पुर निवासी गिरजाशंकर दुबे ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार मुंबई में रहता है। वह अपनी पत्नी के साथ गांव स्थित मकान में रहते हैं। घटना वाली रात दोनों मकान के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने कमरे में प्रवेश कर पेटी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे जेवर लेकर फरार हो गए।

सुबह गिरजाशंकर की पत्नी की नींद खुली और वह आंगन में गईं। इस दौरान उनकी नजर कमरे के खुले दरवाजे पर पड़ी। अंदर जाकर देखने पर पेटी का ताला टूटा मिला। पेटी में रखे पत्नी के जेवर गायब थे। इसके बाद घटना की जानकारी गिरजाशंकर को हुई।

पीड़ित के मुताबिक चोर करीब दो तोले सोने के जेवर ले गए हैं। इसमें चार नथ, एक जोड़ी कनफूल, एक सिकड़ी और एक अंगूठी शामिल है। इसके अलावा चोर चांदी की तीन जोड़ी पायल भी ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पवांरा थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और चोरी का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!