लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ ने आयोजित किया ‘सम्पूर्ण संवाद’, विशेषज्ञों ने साझा किए स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण सूत्र
जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ द्वारा रविवार को कुंवर दास सेवा आश्रम हॉस्पिटल, आजमगढ़ रोड में “आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा : स्वास्थ्य के दो आयाम — सम्पूर्ण संवाद” विषय पर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जौनपुर में पहली बार आयोजित इस तरह के संवाद में आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ एक मंच पर उपस्थित हुए और आमजन को स्वस्थ जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों चिकित्सा पद्धतियों को लेकर समाज में व्याप्त जिज्ञासाओं एवं भ्रांतियों को दूर करना तथा लोगों को प्रमाणिक चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
आधुनिक चिकित्सा पद्धति की ओर से वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अवध यादव, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वी.एस. उपाध्याय एवं फिजिशियन डॉ. अंशु कुमारी ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, समय पर जांच, उपचार तथा चिकित्सकीय परामर्श के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की ओर से शकुन्तला यादव आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. बीना त्रिपाठी, डिप्टी मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. अरुण कुमार तिवारी तथा शकुन्तला यादव मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. यादव ने आयुर्वेद की जीवनशैली आधारित अवधारणाओं, आहार-विहार, दिनचर्या एवं रोगों से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कहा कि स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी का उपचार नहीं, बल्कि रोगों से बचाव, संतुलित जीवनशैली, उचित खान-पान, नियमित व्यायाम, मानसिक संतुलन और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी है। साथ ही किसी भी चिकित्सा पद्धति अथवा औषधि का प्रयोग योग्य चिकित्सक की सलाह से करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. शंकुतला यादव ने कहा कि आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा को लेकर लोगों के मन में अनेक प्रश्न होते हैं। ऐसे संवाद आमजन और विशेषज्ञों के बीच सीधे संवाद का अवसर प्रदान करते हैं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ के उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू
की अध्यक्षता में यह कार्यकम सम्पन्न हुआ।
क्लब के सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि “जब समाज को स्वास्थ्य के संबंध में सही और प्रमाणिक जानकारी मिलती है, तो वह अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग निर्णय ले सकता है। हमारा प्रयास है कि ऐसे सार्थक संवाद निरंतर आयोजित किए जाएं।”
कार्यक्रम में चिकित्सकों, लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका चिकित्सकों द्वारा समाधान किया गया।