जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 14 से 19 सितंबर तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूली वाहनों की सघन जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
स्कूली वाहनों की लगातार हो रही सघन जांच
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जौनपुर सत्येंद्र कुमार सिंह और यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार की टीम द्वारा जिले में संचालित स्कूली वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। दस्तावेज पूर्ण नहीं मिलने पर अब तक 35 स्कूली वाहनों का चालान किया गया है, जबकि छह वाहनों को सीज किया गया है।
दस्तावेज पूरे रखने की स्कूलों को हिदायत
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज तत्काल नियमानुसार अद्यतन करा लें। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वाहनों के सुरक्षा मानकों पर रखें पूरी नजर
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जानकारी रखें। विभाग का अभियान स्कूली वाहनों में नियमों के पालन और बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।