Trending

Mariahu News : भाकियू की पंचायत में किसानों की समस्याओं पर गरजे पदाधिकारी, सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

Naya Savera Network

मड़ियाहूं। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले शनिवार को तहसील परिसर में किसानों, मजदूरों और गरीबों की समस्याओं को लेकर पंचायत आयोजित की गई। पंचायत के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय मांगपत्र नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद को सौंपा।

पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मराज पटेल ने की, जबकि प्रदेश सचिव राजनाथ यादव मुख्य अतिथि रहे। वक्ताओं ने किसानों की सिंचाई, खाद, बिजली, पशु स्वास्थ्य और श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।

मांगपत्र में शारदा सहायक खंड-39 के जमालापुर रजवाहा, भन्नौर एवं किसुनपुर माइनर के टेल तक सिंचाई का पानी पहुंचाने, सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए पशुओं का टीकाकरण अभियान चलाने तथा स्मार्ट मीटर हटाकर पुरानी बिजली व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

इसके अलावा कृषि उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, चारों श्रम कानूनों को वापस लेने तथा मनरेगा में 200 कार्य दिवस और न्यूनतम 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी निर्धारित करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर कमलेश गौतम, राकेश चंद्र मौर्य, अक्षैबर नाथ पटेल, सुनील कुमार यादव, अशर्फी पटेल, उर्मिला सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!