रामनगर। जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर जवनशीपुर गांव के पास आवारा गोवंश का जमावड़ा राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बुधवार रात करीब 11 बजे कई गोवंश सड़क के बीच बैठे दिखाई दिए। अंधेरे में सड़क पर बैठे पशु वाहन चालकों को दूर से नजर नहीं आते, जिससे अचानक दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय ग्रामीण राहुल, जयप्रकाश, बाबू और अरविंद ने बताया कि मार्ग पर दिन-रात आवारा पशु घूमते रहते हैं। कई बार वाहन चालक इन्हें बचाने के प्रयास में संतुलन खो देते हैं। बाइक सवारों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
