Trending

Mariahu News : हर-हर महादेव के जयघोष के साथ विंध्याचल रवाना हुआ कांवरियों का जत्था

Naya Savera Network

मड़ियाहूं। सावन के प्रथम सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए शनिवार को नगर से सैकड़ों कांवरियों का जत्था विंध्याचल के लिए रवाना हुआ। प्राचीन कांवरिया संघ के अध्यक्ष रवि मौर्य के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज परिसर स्थित रामेश्वरम महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का शुभारंभ किया गया।

कांवरियों का जत्था ढोल-नगाड़ों और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर विंध्याचल के लिए रवाना हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालु शिव भक्ति में सराबोर होकर नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। नगरवासियों ने जगह-जगह कांवरियों का स्वागत कर उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

प्राचीन कांवरिया संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि जत्था रविवार शाम तक विंध्याचल से गंगाजल लेकर वापस लौटेगा। रात्रि विश्राम डाक बंगला और राम जानकी मंदिर में किया जाएगा। इसके बाद सोमवार सुबह रामेश्वरम महादेव मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा।

इस अवसर पर विनोद जायसवाल, बृजेश दुबे, नितेश सेठ, दिलीप साहू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कांवरियों का उत्साहवर्धन किया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ लगातार चक्रमण करते रहे।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!