मिठाई लाल सोनकर
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के रहेठ गांव में शनिवार सुबह मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण एक युवती घर के सामने स्थित कुएं में गिर गई। कुएं में लगी मशीन से सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गांव निवासी राजमान यादव की 20 वर्षीय पुत्री प्रिया शनिवार सुबह घर के दरवाजे पर थी। इसी दौरान वह कुएं के पास चली गई और अचानक उसमें गिर गई। कुएं के अंदर मशीन से टकराने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों ने किसी तरह युवती को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
