Trending

Jaunpur News : बोलबम के जयकारे से गूंजा चौरेश्वर महादेव का मंदिर, शिव कांवड़ यात्रा में शामिल हुए कृपाशंकर

Naya Savera Network

जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को दो दिवसीय भव्य शिव कांवड़ यात्रा का शुभारंभ धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ हुआ। यात्रा का नेतृत्व बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कांवड़ उठाकर शिवभक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की।
सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ चौरेश्वर महादेव धाम (छंगापुर) स्थित आदि गंगा गोमती के तट से हुआ। श्रद्धालुओं ने गोमती नदी में पवित्र स्नान कर जल भरा और भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ यात्रा शुरू की।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का स्वागत किया गया। पहले दिन कांवड़ यात्रा चौरेश्वर महादेव धाम से निकलकर गगना मोड़, छंगापुर नहर चौराहा, लेदुका, प्राणपति बाजार, भगतपुर, बीरमपुर, बदलापुर खुर्द, चकमोलनापुर, हिम्मतपुर, मिरसादपुर और कलिंजरा मोड़ समेत कुल 17 स्वागत स्थलों से होकर गुजरी। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत एवं सेवा-सत्कार किया। इस अवसर पर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा आदि गंगा गोमती के पावन तट से निकाली जा रही है। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई “सई उतरि गोमती नहाए, चौथे दिवस अवधपुर आये” का उल्लेख करते हुए कहा कि गोमती का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अत्यंत विशेष है। उन्होंने इस यात्रा को रामपथ से जोड़ते हुए इसे क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण आयोजन बताया। पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने भी कांवड़ियों के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए सावन के इस महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके कांवड़ उठाकर श्रद्धालुओं के साथ चलने से यात्रा में शामिल भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग पर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कांवड़ियों के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा व्यवस्थाएं की गईं।
कार्यक्रम के दौरान श्याम राज सिंह, डॉ. राजेश सिंह, विकास यादव, विवेक यादव, सुशील मिश्रा, मधुकर तिवारी, सिद्धू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सावन के पावन महीने में आयोजित इस दो दिवसीय कांवड़ यात्रा ने बदलापुर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक सहभागिता का माहौल बना दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों की भागीदारी से क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!