Trending

Jaunpur News : कुलपति ने छात्राओं संग किया भोजन, परखी मेस के खाने की गुणवत्ता

Technical Team

महिला छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिंह ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित महिला छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीराबाई छात्रावास में छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और मेस में परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता को स्वयं परखा। कुलपति के छात्राओं के साथ भोजन करने से उनमें उत्साह देखने को मिला।

भोजन के दौरान कुलपति ने छात्राओं से छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं के पठन-पाठन, अध्ययन के माहौल और छात्रावास में आने वाली समस्याओं के संबंध में भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने छात्रावासों में साफ-सफाई, भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों और वार्डन को निर्देश दिया कि छात्राओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सुविधाओं की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कुलपति ने छात्रावास में आने वाले अभिभावकों के लिए निर्धारित कक्ष में वातानुकूलन की सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को सुविधाजनक, स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण के साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। छात्राओं की आवश्यकताओं और समस्याओं का लगातार संज्ञान लेकर उनका समाधान किया जाए।

इस अवसर पर कुलपति ने द्रौपदी, मीराबाई और रानी लक्ष्मीबाई महिला छात्रावासों की वार्डन डॉ. कृष्णा सिंह, डॉ. निमिषा यादव और डॉ. जया शुक्ला से व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान चीफ वार्डन प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. वनिता सिंह और डॉ. श्वेता पांडेय उपस्थित रहीं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!