बक्शा । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास खण्ड बक्शा परिसर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव एवं एडीओ पंचायत विजय भान यादव ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं एवं ब्लॉक कर्मचारी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ राष्ट्रप्रेम एवं एकता का संदेश दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए हमें देश के विकास में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
एडीओ पंचायत विजय भान यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज में देशभक्ति और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कार्यों के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में सचिव महेश तिवारी, गौड़ गणेश, लक्ष्मीचंद्र, कमलेश खरवार,श्रीपति, वीसी धर्मेंद्र साहू, केशरी प्रसाद एवं रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और ब्लॉक कर्मचारी उपस्थित रहे।

