जौनपुर। शाहगंज में बारिश के मौसम में बिजली के खंभों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत नगर क्षेत्र में लोहे के बिजली खंभों के निचले हिस्से को प्लास्टिक पाइप से ढका जा रहा है। इसकी शुरुआत सेंट थॉमस रोड स्थित नई आबादी क्षेत्र से की गई है।
स्थानीय लोगों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बारिश के दौरान गीले बिजली खंभों में करंट उतरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में खंभों पर सुरक्षा कवर लगाए जाने से दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सकती है। लोगों ने नगर के सभी विद्युत खंभों पर यह व्यवस्था लागू करने की मांग की।
उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि अधिशासी अभियंता के निर्देश पर कार्य शुरू किया गया है। पूरे नगर क्षेत्र में बिजली खंभों के निचले हिस्से को प्लास्टिक पाइप से कवर किया जाएगा। इसके लिए पाइप का ऑर्डर भी दे दिया गया है। विभाग के अनुसार यह पहल बारिश के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम में मददगार होगी।

