जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के मानीकला हाल्ट के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। शव के पास एक साइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस साइकिल के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
