जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (वीबीएसपीयू) ने संबद्ध महाविद्यालयों को स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया 25 अगस्त तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार 25 अगस्त को समर्थ पोर्टल बंद हो जाएगा। इसके बाद किसी भी छात्र का पंजीकरण नहीं किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय से जौनपुर और गाजीपुर जिलों के कुल 604 महाविद्यालय संबद्ध हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सभी महाविद्यालयों को निर्धारित समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तय तिथि तक किसी छात्र का पंजीकरण नहीं होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय की होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चालू सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने से भी इनकार किया है।
पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय स्तर से सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
