Trending

Jaunpur News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता अभियान का शुभारंभ

Naya Savera Network

जौनपुर, 1 अगस्त। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के सदस्यता अभियान का शुभारंभ आज सरस्वती शिशु मंदिर, बारीनाथ मठ, जौनपुर में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, पूर्व प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. अजय दुबे, जिला प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी, तहसील प्रमुख डॉ. बलवंत सिंह, डॉ. संतोष कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य दाऊ जी उपाध्याय ने स्वामी विवेकानंद एवं माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है। परिषद विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भाव का विकास करती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जौनपुर जनपद में 25,841 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को परिषद का सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों को सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया तथा सभी से अधिक से अधिक संख्या में परिषद से जुड़ने का आह्वान किया।
पूर्व प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. अजय दुबे ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र हितों के साथ-साथ राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करती रही है। सदस्यता अभियान युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा उनमें नेतृत्व एवं सामाजिक चेतना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
जिला प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने कहा कि परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
तहसील प्रमुख डॉ. बलवंत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का राष्ट्र निर्माता है। परिषद युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान कर समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराती है।
डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने का अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित, जागरूक एवं संस्कारित छात्र शक्ति के निर्माण का संकल्प है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दाऊ जी उपाध्याय ने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, सेवा एवं नेतृत्व के गुण विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में प्रांत कार्यसमिति सदस्य हर्षवर्धन चौरसिया, जिला संयोजक हर्ष सिंह, एकांश मिश्र, हर्ष साहू, नितेश तिवारी, विजय निषाद, संस्कार चौरसिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!