जौनपुर। ऑपरेशन मुस्कान के तहत सिंगरामऊ पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे एक गुमशुदा व्यक्ति को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार में खुशी का माहौल रहा।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त को सिंगरामऊ पुलिस टीम हाईवे पर गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हाईवे के किनारे एक व्यक्ति टहलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम अमित कुमार गौतम पुत्र रामचन्दर गौतम, निवासी सेतापुर, थाना सिंगरामऊ बताया।
पुलिस के मुताबिक, अमित मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह रात में परिजनों को बिना बताए घर से निकल गया था और बदलापुर की ओर जा रहा था। पुलिस टीम उसे सुरक्षित थाना सिंगरामऊ लेकर पहुंची और उसके बताए पते का सत्यापन करते हुए उसके पिता रामचन्दर गौतम से दूरभाष पर संपर्क किया।
सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन के बाद पुलिस ने अमित कुमार गौतम को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। गुमशुदा व्यक्ति के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक तारकेश्वरनाथ दूबे, कांस्टेबल रजत पाण्डेय और कांस्टेबल सतीश कसौधन शामिल रहे।
