Trending

Jaunpur News : संभव अभियान की धीमी प्रगति पर बक्शा के बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोटिस

Technical Team


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में रविवार को जिला पोषण समिति एवं जिला कन्वर्जेन्स कमेटी की बैठक हुई। बैठक में जुलाई से सितंबर 2026 तक चल रहे संभव अभियान-6.0 की प्रगति समेत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, पोषण ट्रैकर, अनुपूरक पुष्टाहार वितरण, गृह भ्रमण, टीकाकरण, बच्चों के वजन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण अगले 15 दिनों में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यकतानुसार मरम्मत और कायाकल्प का कार्य भी कराने को कहा। संभव अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सैम (गंभीर रूप से कुपोषित) बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सैम बच्चों के घर नियमित गृह भ्रमण करने तथा आशा और एएनएम को ई-कवच पोर्टल पर सैम बच्चों के उपचार एवं निगरानी से संबंधित जानकारी 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत अद्यतन कराने के निर्देश दिए। बाल विकास परियोजना अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को भी सैम बच्चों के घर गृह भ्रमण करने को कहा गया।

बैठक में विकासखंड बक्शा में संभव अभियान की खराब प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को बाल विकास परियोजना अधिकारी बक्शा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को भी कहा गया। पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों के भर्ती होने की स्थिति की समीक्षा में केराकत परियोजना की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली। विगत माह से केराकत क्षेत्र से एक भी बच्चे के भर्ती नहीं होने पर जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी केराकत को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार की आपूर्ति की समीक्षा में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद की छह परियोजनाओं में आपूर्ति पूरी हो चुकी है, जबकि सात परियोजनाओं में चयनित संस्था द्वारा आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र आपूर्ति पूरी कराने और नियमानुसार आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। खराब प्रगति वाले परियोजना अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!