28 थानों की पुलिस ने एक साथ चलाया अभियान, छह वांछित और 82 गैर जमानती वारंटियों पर कसा शिकंजा
जौनपुर। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए जौनपुर पुलिस ने रविवार को व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद के 28 थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 88 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें छह वांछित तथा 82 गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) वाले अभियुक्त शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारियां लंबे समय से फरार चल रहे वांछितों तथा न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे आरोपियों के खिलाफ की गईं। अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थानावार कार्रवाई में कोतवाली पुलिस ने चार एनबीडब्ल्यू वारंटियों, लाइन बाजार ने दो वांछित, जफराबाद ने एक एनबीडब्ल्यू, शाहगंज ने एक वांछित और दो एनबीडब्ल्यू, खेतासराय ने नौ, खुटहन ने सात तथा सरपतहां ने पांच एनबीडब्ल्यू वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसी क्रम में केराकत पुलिस ने तीन वांछित, चंदवक ने पांच, जलालपुर ने छह, गौराबादशाहपुर ने दो, सरायख्वाजा ने तीन, बक्सा ने एक, सिकरारा ने एक, तेजीबाजार ने चार तथा बदलापुर ने एक एनबीडब्ल्यू वारंटी को गिरफ्तार किया।
सिंगरामऊ और महराजगंज से दो-दो, सुजानगंज से दो, मछलीशहर से पांच, मुंगराबादशाहपुर से तीन, मीरगंज से दो, पवारा से दो तथा मड़ियाहूं से दो एनबीडब्ल्यू वारंटी गिरफ्तार किए गए। रामपुर से चार, नेवढ़िया से तीन, बरसठी से एक और सुरेरी से तीन एनबीडब्ल्यू वारंटियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस सामूहिक कार्रवाई से फरार आरोपियों और न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद गिरफ्तारी से बच रहे अभियुक्तों में हड़कंप की स्थिति रही।

