Trending

Jaunpur News : बरसठी में आवारा कुत्ते का आतंक, नौ लोगों को काटकर किया घायल

Naya Savera Network

जौनपुर। बरसठी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते ने नौ लोगों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ते के हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई।

बताया गया कि घटना की शुरुआत गोठांव गांव से हुई। यहां रिश्तेदारी में आई अंशिका यादव पर कुत्ते ने हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ता इधर-उधर भागता रहा और रास्ते में कई लोगों को काटकर घायल कर दिया।

कुत्ते के हमले में अमरावती, जड़ावती, विकास, कमलेश निवासी भदराव, उर्मिला देवी और उनके पुत्र लकी निवासी मनिकापुर, गंगाजली निवासी जमुनीपुर, ऋषि निवासी गहली तथा प्रकाश निवासी पाली घायल हुए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. सूर्यभान सिंह पटेल ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल सभी लोगों को एंटी रेबीज का टीका लगाया गया है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी।

लगातार लोगों पर हमला करने से परेशान स्थानीय लोगों ने बाद में कुत्ते को लाठी-डंडों से मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर लोगों में चिंता है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों के कारण बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!