जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद सभी मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट की हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव और सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 14 अगस्त की सुबह उपनिरीक्षक जयदीप कोल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर राजासाहब पोखरे और रसूलाबाद मालगोदाम के पास करीब 4:15 बजे अतुल सोनकर उर्फ बुल्ला पुत्र स्व. दूधनाथ सोनकर निवासी उमरपुर सुन्दरनगर कॉलोनी, गुलरचक, थाना कोतवाली, जौनपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें एक मोटरसाइकिल वह भी शामिल है, जो 1 जून 2026 को सदर अस्पताल, जौनपुर के पास से चोरी हुई थी। उक्त मोटरसाइकिल का नंबर यूपी 62 सीई 7187 बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 की विवेचना के दौरान आरोपी का नाम प्रकाश में आने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी: छह चोरी की मोटरसाइकिल और 600 रुपये नकद।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिता सिंह, उपनिरीक्षक जयदीप कोल, उपनिरीक्षक राहुल रंजन, हेड कांस्टेबल सरोज कुमार, हेड कांस्टेबल इस्तेखार खां, हेड कांस्टेबल राकेश सिंह और कांस्टेबल मोहन यादव शामिल रहे।
.jpeg)