Trending

Jaunpur News : खुटहन में 82.85 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी का आरोप, कोटेदार समेत पांच पर मुकदमा

Naya Savera Network

सुजानगंज में भी 180.82 कुंतल खाद्यान्न स्टॉक में नहीं मिला, दोनों दुकानों के अनुबंध निलंबित

जौनपुर। जिले में सरकारी खाद्यान्न के वितरण में अनियमितता के खिलाफ पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। खुटहन क्षेत्र में जांच के दौरान 82.85 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी संबंधी गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर कोटेदार समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं, सुजानगंज के घाटमपुर में निरीक्षण के दौरान 180.82 कुंतल खाद्यान्न स्टॉक में नहीं मिलने पर कोटेदार के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

खुटहन में 82.85 कुंतल खाद्यान्न की गड़बड़ी

ग्राम पंचायत अहरपुर, विकासखंड खुटहन में भीमा बाई स्वयं सहायता समूह की उचित दर दुकान संचालित करने वाली साधना पत्नी ललित मोहन के खिलाफ दूरभाष पर शिकायत मिली थी। 11 अगस्त को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शाहगंज और पूर्ति निरीक्षक खुटहन ने दुकान की जांच की। स्टॉक की जांच में 19.10 कुंतल गेहूं और 63.74 कुंतल चावल समेत कुल 82.85 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी संबंधी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जिलाधिकारी की अनुमति के बाद क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने 19 अगस्त को खुटहन थाने में साधना, भीमा बाई स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सरिता, उनके पति सुभाष और साधना के पति ललित मोहन के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई। विभाग ने दुकान का अनुबंध भी निलंबित कर दिया है।

सुजानगंज में 180.82 कुंतल खाद्यान्न नहीं मिला

इसी तरह 12 अगस्त को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक सुजानगंज ने ग्राम घाटमपुर की उचित दर दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। दुकान का संचालन सुदामा देवी पत्नी राजकुमार करती हैं। जांच में जुलाई और अगस्त 2026 के वितरण के बाद दुकान में 38.53 कुंतल गेहूं और 142.29 कुंतल चावल, कुल 180.82 कुंतल खाद्यान्न शेष होना चाहिए था, लेकिन मौके पर स्टॉक शून्य मिला।

जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक पद्माकर तिवारी ने 19 अगस्त को सुजानगंज थाने में सुदामा देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। विभागीय कार्रवाई के तहत उनकी दुकान का अनुबंध भी निलंबित कर दिया गया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!