शाहगंज।
सबरहद तालीमाबाद स्थित सर सैयद अहमद गर्ल्स इंटर कॉलेज में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी छात्राओं के लिए यादगार साबित हुई। विज्ञान मैजिक शो के जरिए विशेषज्ञों ने बताया कि जिन्हें लोग अक्सर चमत्कार या अंधविश्वास मान लेते हैं, उनके पीछे विज्ञान के सरल सिद्धांत काम करते है।
कार्यक्रम में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और विज्ञान के प्रति अपनी रुचि दिखाई।
प्रदर्शनी टीम के प्रभारी आशु कुमार ने सहयोगी सूरज कुमार यादव और रमेश कुमार के साथ कई रोचक वैज्ञानिक प्रयोग किए। उन्होंने आसान भाषा में समझाया कि हर घटना का कोई न कोई वैज्ञानिक कारण होता है। इसलिए किसी भी बात पर आंख मूंदकर विश्वास करने के बजाय उसे समझने और परखने की जरूरत है। छात्राओं ने भी खुलकर सवाल पूछे और विशेषज्ञों से उनके जवाब प्राप्त किए।
विज्ञान प्रदर्शनी बस में लगाए गए विभिन्न मॉडल और उपकरण छात्राओं के आकर्षण का केंद्र रहे। इनके माध्यम से उन्हें बिजली, प्रकाश, ध्वनि, गुरुत्वाकर्षण और नई तकनीकों के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी गई। छात्राओं ने एक-एक मॉडल को ध्यान से देखा और उसकी कार्यप्रणाली को समझा।
प्रधानाचार्य मोहम्मद शाहिद नईम ने कहा कि विज्ञान जीवन को आसान बनाने के साथ सही सोच भी देता है। आज इलाज से लेकर संचार और शिक्षा तक हर क्षेत्र में विज्ञान की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि छात्राएं विज्ञान के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं और नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रही हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जिज्ञासा बढ़ाने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विज्ञान शिक्षिकाएं ताहिरा ज़ैनब, वंदना प्रजापति, तलअत वसीम, प्रतिभा सिंह, बुशरा परवेज़, आराधना चौहान, फ़ैज़ा बानो, साबरमती यादव, फिरदौस समेत शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।
.jpeg)