Mumbai News : सनातन सुरक्षा सेना ने की मांग, नेपाली मजदूर के हमलावर को करो तड़ीपार
personNaya Savera Network
July 18, 2026
share
मुंबई। वसूली तथा दहशत फैलाने में संलिप्त नशे में धुत आपराधिक प्रवृत्ति के राकेश थोरात द्वारा छोटे-मोटे काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले नेपाली युवक ताशी बहादुर लामा पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे लोगों में दहशत तथा आक्रोश व्याप्त है। गंभीर रूप से जख्मी पीड़ित ताशी बहादुर लामा का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि भांडुप पुलिस ने आरोपी राकेश थोरात के विरूद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना बीते 12 जुलाई को रात 12 बजे भांडुप पश्चिम, जंगल मंगल रोड, मुंबई में घटित हुई। उपरोक्त दिनांक को आरोपी राकेश थोरात पूर्ण रूप से नशे में धुत था। यह व्यक्ति पिछले कई महीनों से क्षेत्र में दहशत फैला रहा है। आरोपी का मकसद सिर्फ अपना रौब जमाना है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक आरोपी छोटे-छोटे व्यापारियों को धमकाता है और जबरन "हफ्ता" वसूलता है। मना करने पर जान से मारने की धमकी देता है। इसी कड़ी में 12 जुलाई की रात नशे की हालत में आरोपी ने बिना किसी कारण पीड़ित ताशी बहादुर लामा पर जानलेवा हमला किया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक आरोपी रोज नशा करके राहगीरों से गाली-गलौज, मारपीट करता है। इसके डर से महिलाएं, बच्चे और व्यापारी शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते। गरीबों के न्याय तथा हक की लड़ाई लड़ रही सनातन सुरक्षा सेना के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नितिन गुप्ता ने गरीब नेपाली युवक पर अपनी दादागिरी दिखाकर वसूली के प्रयास में किए गए प्राणघातक हमले की निंदा करते हुए धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को कठोर सजा के साथ ही उसे मुंबई से तड़ीपार करने की मांग की है।