Trending

Jaunpur News : जल जीवन मिशन की समीक्षा, समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश

Naya Savera Network

जौनपुर, 30 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न ग्रामों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की प्रगति, रोड रेस्टोरेशन, कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने, पाइपलाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन, ओवरहेड टैंक निर्माण और जलापूर्ति व्यवस्था के नियमित संचालन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्निर्माण और साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने भूमि विवाद और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी बाधाओं का संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर कार्य धीमी गति से चल रहे हैं, वहां श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर आवश्यक मशीनरी और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण, नियमित स्थलीय निरीक्षण और परियोजनाओं की सतत निगरानी पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करें, क्योंकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पाइपलाइन को क्षति पहुंचाने वाली संस्थाओं और एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में 'जल सारथी' मोबाइल ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल योजनाओं की रीयल टाइम जानकारी, शिकायत निवारण और अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को ऐप डाउनलोड कर उसके उपयोग के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!