एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
शाहगंज, जौनपुर। तहसील समाधान दिवस पर एक भूमि विवाद का मामला सामने आया, जिसमें पीड़ित ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, तहसील क्षेत्र के गोबरहां गांव स्थित उसकी आराजी संख्या 198 की पूर्व में तहसील प्रशासन द्वारा पैमाइश कराकर पत्थरगड्डी कराई गई थी। विवाद समाप्त करने के उद्देश्य से अमन कुमार शर्मा पुत्र अरुण कुमार ने उक्त भूमि पर बाउंड्री निर्माण का कार्य शुरू कराया। आरोप है कि विपक्षी ने पुलिस की मदद से निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही राजस्व अधिकारियों द्वारा लगवाई गई पत्थरगड्डी को उखाड़कर फेंक दिया। पीड़ित ने उप जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा अपनी भूमि पर शांतिपूर्वक निर्माण कार्य कराने की मांग की है।

