Trending

Jaunpur News : रास्ते के विवाद में हुआ खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत 9 घायल

Naya Savera Network
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल, जांच में जुटी पुलिस
 
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के टकटैंया गांव में रविवार सुबह रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद लाठी-डंडे, सरिया और फावड़े से हमला किये जाने का आरोप है। घटना में महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित शेषमणि पुत्र अर्जुन निवासी टकटैंया द्वारा थाना बरसठी में दी गई तहरीर के अनुसार, गांव के ओमप्रकाश पुत्र रामदास से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि 4 जुलाई की रात विपक्षी पक्ष ने रास्ते में समरसेबल का पानी बहाकर उसे कीचड़युक्त कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। तहरीर में कहा गया है कि रविवार सुबह करीब 6:30 बजे विपक्षी पक्ष ने रास्ते में लकड़ी, कांटे रखकर तथा खूंटा गाड़कर रास्ता पूरी तरह बंद करना शुरू कर दिया। परिवार की महिलाओं द्वारा विरोध करने पर पहले गाली-गलौज की गई और फिर कथित रूप से हमला कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि राजेश पुत्र रामप्रसाद ने अन्य लोगों को हमला करने के लिए उकसाया। इसके बाद संदीप, दिलीप, महेश पुत्रगण ओमप्रकाश, ओमप्रकाश पुत्र रामदास तथा सोनी पत्नी संदीप लाठी-डंडा, सरिया और फावड़ा लेकर हमला करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं, बुजुर्गों और युवकों के साथ मारपीट की तथा बीच-बचाव करने आए लोगों को भी पीटा। जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में शेषमणि के सिर में चोट आई, जबकि मनोरमा देवी के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गईं। सरिता पत्नी राजमणि के सिर और हाथ, सरिता पत्नी सर्वजीत की गर्दन, पीठ और हाथ, सूरज के सिर व हाथ, आकाश की आंख और बाएं हाथ, अतुल के सिर के पिछले हिस्से, दिव्यांग राजमनि की कमर व हाथ तथा नीरज उर्फ अजय को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शेषमणि, मनोरमा देवी, सरिता, सूरज और नीरज की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर बरसठी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!