Trending

Jaunpur News : मारपीट के मामले में दोनों पक्षों से 11 नामजद

Naya Savera Network

बरसठी | थाना क्षेत्र के टकटैया (बारीगांव डीह) गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 11 नामजद लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी सूरज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि रास्ते को लेकर चल रहे विवाद के बीच विपक्षी पक्ष ने पहले रास्ते पर पानी भरकर आवागमन बाधित कर दिया। अगले दिन रास्ते में लकड़ी, फट्टा आदि रखकर खूंटा गाड़ने का प्रयास किया। परिवार की महिलाओं द्वारा विरोध करने पर आरोप है कि संदीप, दिलीप, महेश, ओमप्रकाश, सोनी और अंजली लाठी-डंडा, सरिया और फावड़ा लेकर हमला कर दिया। जिससे मनोरमा देवी के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गईं, जबकि शेषमणि, सरिता, आकाश, अजय, आनंद और अतुल घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के संदीप कुमार गौतम ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि रास्ते को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। विपक्षी पक्ष उनके रास्ते को बांस-बल्ली लगाकर अवरुद्ध कर रहा है तथा उनकी आबादी की जमीन से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित का कहना है कि मामले में पहले भी थाना और क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इसके बावजूद पांच जुलाई की शाम आनंद उर्फ नीरज, सूरज, शेषमणि, अजय और आकाश जबरन घर में घुस आए और परिवार के लोगों से मारपीट की। आरोप है कि घटना में महेश कुमार, ओमप्रकाश, इंद्रावती देवी तथा गर्भवती सोनी कुमारी घायल हो गईं। पीड़ित ने आरोपियों पर मोबाइल फोन छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने सूरज कुमार की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) एवं 110 तथा संदीप कुमार गौतम की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 351(3), 333 एवं 304 के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!