Trending

Jaunpur News : पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन सारनाथ महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

Technical Team

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सारनाथ महादेव मंदिर में पुरुषोत्तम मास (मलमास) के अंतिम दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे।

मंदिर संरक्षिका पुजारिन माला शुक्ला ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के समापन के अवसर पर सोमवार सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। दिन चढ़ने के साथ भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर में दर्शन-पूजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही मंदिर परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बक्शा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक सिंघासन यादव ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परिसर में कांस्टेबल अंकुश कुमार, कांस्टेबल राकेश गुप्ता, रिक्रूट कांस्टेबल सच्चिदानंद समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मंदिर परिसर में मौजूद रही। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरे समय तैनात रहे।

मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण और शरबत की विशेष व्यवस्था की गई थी। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और शरबत पीकर राहत महसूस की। इस दौरान अनेक भक्तों ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक भी किया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया।

पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन आयोजित इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!