सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के कम्मरपुर गांव में सीमांकन के बाद गाड़े गए पत्थरों को उखाड़ने और जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कम्मरपुर निवासी ऋषभ सिंह पुत्र इन्द्र बहादुर सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी भूमि का राजस्व विभाग द्वारा 26 मई 2026 को सीमांकन कराया गया था। पैमाइश के बाद प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में खेत की सीमा पर पत्थर गाड़े गए थे। गांव की ही ज्ञानती पत्नी बाबूराम, अखिलेश पुत्र बाबूराम, मिथिलेश पुत्र बाबूराम, गीता पत्नी अखिलेश और पूजा पत्नी मिथिलेश खेत पर पहुंचकर सीमांकन के लिए लगाए गए पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया।
विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला करने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी दी। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष यजुवेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन महिलाओं समेत 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

إرسال تعليق