खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के भुड़कुड़हाँ मोड़ के पास बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में शव लेकर जा रही एम्बुलेंस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबेडकरनगर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करमपुर गाँव निवासी राकेश सिंह अपनी माँ कौशिल्या सिंह का शव पश्चिम बंगाल के कोलकाता से पैतृक गाँव लाकर अंतिम संस्कार करने के लिए एम्बुलेंस से जा रहे थे। एम्बुलेंस में उनके पिता शिवमूर्ति सिंह सहित अन्य लोग भी सवार थे। इसी दौरान भुड़कुड़हाँ मोड़ के समीप सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो से एम्बुलेंस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। स्कॉर्पियो में सवार बेचनराम सरोज (65 वर्ष) तथा चालक गिरधारी यादव (40 वर्ष) निवासी उदयकरणपुर थाना औराई जनपद भदोही अयोध्या से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी तेज थी। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। हालांकि स्कॉर्पियो का एयरबैग समय पर खुल जाने के कारण उसमें सवार लोगों की जान बच गई और उन्हें अपेक्षाकृत कम चोटें आईं। हादसे में एम्बुलेंस सवार राकेश सिंह (45 वर्ष), शिवमूर्ति सिंह (67 वर्ष) निवासी करमपुर थाना कोतवाली जनपद अंबेडकरनगर, एम्बुलेंस चालक रंजीत बनर्जी तथा परिचालक सुदीप निवासी वर्धमान, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि भुड़कुड़हाँ मोड़ पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। मोड़ पर पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण अक्सर हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर यातायात सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की माँग किया है।

إرسال تعليق