गौराबादशाहपुर जौनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपत नगर आरा में बीती रात बारात के दौरान घराती और बराती पक्ष के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में एक युवक की जान चली गई, जिससे शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार भदेठी गांव थाना सरायख्वाजा निवासी जमुना राजभर के घर बारात आई थी। जयमाला कार्यक्रम के उपरांत किसी बात को लेकर घराती और बराती पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान भदेठी निवासी 24 वर्षीय सौरभ राजभर पुत्र राजेश राजभर के सिर पर ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही शादी की खुशियों का माहौल पूरी तरह गर्म में बदल गया। उस समय विवाह की रस्म के तहत सिंदूरदान की प्रक्रिया होने जा रही थी, जिसे वर पक्ष ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर थाना गौराबादशाहपुर पहुंचे। इस मामले में थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई गौरव राजभर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
