Trending

Jaunpur News : पुरुषोत्तम मास के अंतिम सोमवार पर गौरीशंकर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

Technical Team

जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के फरीदाबाद ग्राम सभा स्थित प्राचीन शिव मंदिर श्री गौरीशंकर धाम में पुरुषोत्तम मास के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे से ही भक्त मंदिर परिसर में कतारबद्ध होकर भगवान शिव के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए पहुंचने लगे।

श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, मदार, दूध, दही, अक्षत, गंगाजल, भांग और पुष्पमालाएं अर्पित कीं। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव और शिव भक्ति के जयघोष से गूंजता रहा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पुरुषोत्तम मास अथवा अधिक मास प्रत्येक तीन वर्ष में आता है और इसे पूजा-पाठ, जप-तप, दान-पुण्य तथा आध्यात्मिक साधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दौरान भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की आराधना का विशेष महत्व होता है। श्रद्धालु गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन कराकर पुण्य अर्जित करते हैं। वहीं विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और नए व्यवसाय की शुरुआत जैसे मांगलिक कार्य इस माह में नहीं किए जाते।

पौराणिक मान्यता है कि इस मास का कोई स्वामी नहीं था, तब भगवान विष्णु ने इसे अपना नाम देकर पुरुषोत्तम मास का दर्जा प्रदान किया। इसे आत्मचिंतन, आत्मसुधार और आध्यात्मिक उन्नति का विशेष काल माना जाता है। शास्त्रों में अधिक मास में किए गए दान को अत्यंत फलदायी बताया गया है, जिसमें अन्नदान को सर्वोत्तम माना गया है।

मंदिर के सचिव सुधीर तिवारी ने बताया कि जौनपुर के अलावा आसपास के कई जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।

थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!