Trending

Jaunpur News : तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का हुआ समापन

Naya Savera Network
जौनपुर। भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक संचालित समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर के समक्ष आयोजित विकास प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदर्शनी के अंतिम दिवस विभिन्न मदरसों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनपद में हुए विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त किया।
प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा विगत 12 वर्षों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार तथा रोजगार सृजन से संबंधित उपलब्धियों को चित्रों, होर्डिंग्स एवं प्रदर्शन सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अवसंरचना विकास के अंतर्गत केराकत एवं शाहगंज क्षेत्र के नौली में अग्निशमन केंद्रों के आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण, स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना, नमामि गंगे योजना के अंतर्गत गोमती रिवर फ्रंट एवं घाटों का विकास तथा मेडिकल कॉलेज की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त सिद्धीकपुर में राजकीय महिला आईटीआई एवं केराकत में दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना सहित महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।
प्रदर्शनी में पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल के दो ब्लॉकों का निर्माण, बदलापुर बस स्टेशन सहित जनपद में संपन्न अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की जानकारी भी चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से दी गई। सूचना विभाग द्वारा स्थापित “सेल्फी विद पीएम” सेल्फी प्वाइंट पर विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम में सहभागिता किया। वहीं पर्यटन, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पुस्तिकाएं, पम्पलेट सहित अन्य सूचना सामग्री वितरित की गई।
प्रेक्षागृह में आयोजित विकास प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत सूचना एवं संस्कृति विभाग से पंजीकृत कलाकार अब्दुल राशीद द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। इसके अतिरिक्त विभागीय पंजीकृत कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया। जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रदर्शनी के दौरान प्रचार-प्रसार साहित्य का वितरण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!