जौनपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सीहीपुर में मंगलवार को तड़के उस समय हड़कम्प मच गया जब सीएनजी गैस एवं पेंट लदे क्रमश: कंटेनर एवं ट्रक में भिड़ंत हो गयी। इस हादसे में पेंट लदे ट्रक का चालक उसी में बुरी तरह फंस गया जबकि कंटेनर का चालक सुरक्षित बच गया लेकिन गैस रिसाव की सूचना मिलने पर घटनास्थल सहित पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। आनन—फानन में अग्निशमन एवं पुलिस विभाग के जवान सहित तमाम लोग जुट गये और घायल को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाते हुये किसी तरह गैस रिसाव को बन्द करवाये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को तड़के लगभग 4 बजे नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सिहीपुर में सीएनजी लोडेड कंटेनर एवं पेन्ट लोडेड ट्रक में टक्कर हो गयी। इस हादसे में पेंट लदे ट्रक का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। वहीं सीएनजी कंटेनर में रिसाव की सूचना मिली जिस पर तत्काल फायर स्टेशन चौकियां से मय यूनिट के सहित अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सतहरिया के नेतृत्व में केबिन में फंसे चालक को निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अथक प्रयास से घायल चालक को जीवित केबिन से बाहर निकालकर उपचार हेतु एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजवाया गया। साथ ही IOAGPL की यूनिट से सम्पर्क करके रिसाव को पूर्ण रूप से बन्द कराया गया। बताया गया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन एक समय के लिये मौका सहित अगल—बगल के गांवों में अफरा—तफरी जरूर मच गयी थी।
हादसे की सूचना पर एफएसएसओ अनिल कुमार मय यूनिट एलएफएम धर्मेश राय, चालक कुलदीप पाण्डेय, फायरमैन धर्मेंद्र कुमार, रविकांत, रविन्द्र कुमार, फायरमैन चालक सनोज कुमार सहित तमाम जवान मौजूद रहे।

Post a Comment