Trending

Jaunpur News : मुंगराबादशाहपुर में भीषण जाम से थमा शहर, चार किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार से लोग बेहाल

Technical Team


मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। नगर क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण जाम लगने से पूरे शहर की रफ्तार थम गई। सड़क पर वाहनों का ऐसा दबाव रहा कि करीब चार किलोमीटर लंबी कतार लग गई और लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

जाम में दोपहिया, चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो और मालवाहक वाहन बड़ी संख्या में फंस गए। नगर के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव, सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के चलते अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। शुक्रवार को स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस गए।

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने में जुट गई। काफी मशक्कत और घंटों की मेहनत के बाद पुलिस ने वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे सामान्य कराया, तब जाकर लोगों को राहत मिली।

नगरवासियों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और बेहतर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था किए जाने से ही इस समस्या का समाधान संभव है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!