Trending

Jaunpur News : वर्दी में नशे में धुत मिला मुख्य आरक्षी, वीडियो वायरल होते ही एसएसपी ने किया निलंबित

Technical Team

जौनपुर। सुजानगंज थाने में तैनात एक मुख्य आरक्षी का कथित रूप से शराब के नशे में धुत होने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने मुख्य आरक्षी रामधनी यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

वायरल वीडियो में मुख्य आरक्षी रामधनी यादव नशे की हालत में रोते-बिलखते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह अपने थाना प्रभारी पर टिप्पणी करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वह वर्दी में ही बेसुध पड़े थे और उनकी पैंट भी गीली हो गई थी।

जानकारी के अनुसार, रामधनी यादव की ड्यूटी बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में हुई अजय सिंह हत्याकांड के संबंध में लगाई गई थी। इसी दौरान उनका वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ही इस तरह की स्थिति में पाए जाएंगे, तो आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब क्षेत्र में बढ़ते अपराधों को लेकर पुलिस की कार्यशैली पहले से ही चर्चा में है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ कर्मियों की अनुशासनहीनता पूरे विभाग की छवि को प्रभावित कर रही है।

फिलहाल एसएसपी के निर्देश पर मुख्य आरक्षी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!