Trending

Jaunpur News : बारिश में तालाब बनी नेवढ़िया बाजार की सड़क, जलभराव से राहगीर और दुकानदार परेशान

Technical Team

जौनपुर। नेवढ़िया बाजार में तेज बारिश के बाद इंटरलॉकिंग सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। रामनगर ब्लॉक स्थित बाजार में सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मामूली बारिश होने पर भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है और आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

चाय विक्रेता मुन्ना पटेल ने बताया कि इंटरलॉकिंग सड़क की ऊंचाई कम होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता और सड़क पर ही जमा हो जाता है। उन्होंने मांग की कि पुरानी इंटरलॉकिंग को हटाकर सड़क को ऊंचा कराया जाए, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

वहीं, ग्राम प्रधान विजयी मोदनवाल ने कहा कि उन्हें जलभराव की समस्या की जानकारी मिल गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक मरम्मत कार्य कराकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान कराया जाए, जिससे बाजार क्षेत्र में जलभराव से निजात मिल सके और लोगों को राहत मिल सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!