केराकत, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के खर्गसेनपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव स्थानीय तनवा नहर से तैरता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को नहर से निकाला। शव की पहचान खर्गसेनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील शर्मा के रूप में हुई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार सुनील पिछले कुछ समय से गंभीर पारिवारिक कलह से जूझ रहा था। माना जा रहा है कि इसी घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया और जहर खा लिया। जहर खाने के बाद से ही वह लापता था जिसकी तलाश की जा रही थी। उसका शव शुक्रवार को स्थानीय तनवा नहर में शव मिलने की सूचना मिली। आनन फानन में मौके पर पहुंच शव को पहचान की गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाल पंचनामा करके शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
