Trending

Jaunpur News : खेती एवं खेल में कैरियर का सुनहरा मौका, पूविवि में दो नये पाठ्यक्रम शुरू

Technical Team


सरायख्वाजा, जौनपुर। युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दो नए पाठ्यक्रम बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीकल्चर तथा बी.पी.ई.एस. (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) शुरू किए हैं। इन दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि वर्तमान में कृषि और खेल दोनों क्षेत्रों में रोजगार एवं करियर की अपार संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में इन नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई है। बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीकल्चर के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। छात्र कृषि वैज्ञानिक, कृषि अधिकारी, कृषि सलाहकार तथा एग्री-बिजनेस के क्षेत्र में करियर बना सकेंगे। साथ ही आधुनिक खेती, बागवानी, डेयरी और कृषि आधारित उद्यमों के जरिए स्वरोजगार की संभावनाएं भी उपलब्ध होंगी।
वहीं बी.पी.ई.एस. (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) पाठ्यक्रम युवाओं को खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का कार्य करेगा। इस पाठ्यक्रम में फिटनेस, खेल प्रशिक्षण, योग, शारीरिक शिक्षा, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी जिससे छात्र खेल प्रशिक्षक, फिटनेस एक्सपर्ट और स्पोर्ट्स प्रोफेशनल के रूप में अपना करियर बना सकेंगे। पीयूकैट के समन्वयक प्रोफेसर मिथिलेश सिंह ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ये नये पाठ्यक्रम न केवल छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करेंगे, बल्कि उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में भी नई दिशा देंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!