Jaunpur News : पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला


सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के कटघर गांव निवासी एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कटघर गांव निवासी दिनेश कुमार पुत्र दसई राम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे जहां रात में गांव के ही नन्कऊ पुत्र धनई उन्हें बहाने से अलग ले गए। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद नन्कऊ के पुत्र विपिन और मनीष ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर तीनों ने मोटरसाइकिल की चेन-स्पाकिट और लाठी से उन पर हमला कर दिया।
हमले में दिनेश कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। शोरगुल सुनकर आस—पास के लोग मौके पर पहुंच गये जिसके बाद आरोपित वहां से हट गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजवाया।
पीड़ित के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 42 टांके लगाने पड़े हैं जबकि हाथ में भी चोटें आई हैं। पीड़ित की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरपतहाँ पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जायेगी।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم