जौनपुर। बरसठी और रामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर व लुटेरे अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बरसठी व रामपुर पुलिस टीम परियत तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति भदोही की तरफ से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में संदिग्ध बाइक सवार आते दिखे। रोकने का इशारा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया। घायल की पहचान रूस्तम पुत्र मुस्लिम निवासी सहाबुद्दीनपुर, थाना गौराबादशाहपुर, जौनपुर के रूप में हुई है। मौके से एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। घायल आरोपी के पास से 0.32 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रूस्तम का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

Post a Comment