Jaunpur News : विवाहिता की गोमती नदी में डूबने से मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

जफराबाद, जौनपुर। क्षेत्र के जमैथा गांव की रहने वाली 26 वर्षीय पूजा मौर्य की गोमती नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे पूजा मौर्य घर से निकली और गांव के पास स्थित अखड़ो घाट पुल पर पहुंची। बताया जा रहा है कि उसने अपना मोबाइल पुल पर ही छोड़ दिया था। कुछ देर बाद परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई।

सूचना मिलने पर पति और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा रात में काफी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। बाद में बंगालीबीर के पास गोमती नदी में पूजा का शव बरामद हुआ।

घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई करन मौर्य ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति सोनू मौर्य, सास-ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post