शाही पुल से 15 नवंबर की रात लगाई थी छलांग, बशीरपुर के पास नदी में मिला शव
जौनपुर।छठ पूजा के दिन शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीन दिन बाद बुधवार की सुबह बरामद कर लिया गया। जफराबाद थाना क्षेत्र के बशीरपुर के पास गोमती नदी में शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बीती 15 नवंबर की रात करीब 11 बजे युवक ने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। लगातार कई दिनों तक नदी में खोजबीन अभियान चलाया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
बुधवार की सुबह बशीरपुर के पास नदी में युवक का शव दिखाई देने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठाया था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। युवक का शव मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
