Trending

Jaunpur News : सत्संग व जनजागरण यात्रा में शाकाहार अपनाने की अपील

Naya Savera Network
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव में जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के तत्वावधान व संस्थाध्यक्ष पंकज जी महराज के निर्देशन में शाकाहारी, सदाचारी एवं मद्यपान निषेध जनजागरण अभियान के तहत सत्संग एवं जनजागरण यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संरक्षक लालजी यादव ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जय गुरुदेव प्रार्थना से हुआ जिसके बाद संस्था के अनुयायियों ने हाथों में झंडे लेकर गांव में जनजागरण यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान लोगों से शाकाहार अपनाने, सदाचारपूर्ण जीवन जीने तथा नशे से दूर रहने की अपील की गई। भ्रमण के पश्चात सभी श्रद्धालु गांव स्थित शेर बहादुर यादव के आवास पर एकत्रित हुये जहां सत्संग का आयोजन किया गया।
इस दौरान उपस्थित वक्ताओं ने शाकाहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सुखी जीवन के लिए शाकाहारी जीवनशैली आवश्यक है। जनजागरण यात्रा के दौरान "बाबा जी का कहना है “शाकाहारी रहना है, तन-मन करता कौन खराब, अंडा-मछली, मांस-शराब” जैसे नारों से पूरा गांव गुंजायमान रहा। सत्संग प्रवचन में मानव जीवन की महत्ता तथा संत-महात्माओं के मार्गदर्शन पर चर्चा की गई। मनुष्य जीवन अनमोल है और इसका सदुपयोग आध्यात्मिक उन्नति तथा आत्मकल्याण के लिए करना चाहिए। धर्मग्रंथों का उल्लेख करते हुए गुरु के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर सत्य नारायण, हरिशंकर, अरविंद, राम अवध बिंद, राजेंद्र, मिठाई लाल विश्वकर्मा, राम जीवन सिंह, दिवाकर यादव, वीरेंद्र, कालिदास, रामचेत, तारा देवी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!