Trending

Jaunpur News : बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में होमगार्ड की हुई मौत, दो युवक घायल

Naya Savera Network
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बासापुर गांव के पास बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के सेऊर गांव निवासी होमगार्ड अनिल दुबे बुधवार सुबह अपनी हीरो होण्डा मोटरसाइकिल से नेवढ़िया थाने में ड्यूटी पर जा रहे थे। वह डायल 112 पीआरवी वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। जैसे ही वह बासापुर गांव के पास पहुंचे कि तभी नेवढ़िया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बुलेट से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गयी। हादसा इतना भीषण था कि अनिल की मौके पर ही मौत हो गयी।वहीं दूसरी बाइक पर सवार नेवढ़िया थाना क्षेत्र के पांडेपुर गांव निवासी कुशल पांडेय और अंकित यादव गम्भीर रूप से घायल हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस तथा स्थानीय लोगों की मदद से सभी को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों की हालत गम्भीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक अपने पीछे 2 बेटे सत्यम दुबे, सुंदरम दुबे तथा 3 बेटियां निधि दुबे, विधि दुबे, आरसी दुबे को छोड़ गये हैं। बताया गया कि उनकी बड़ी बेटी निधि का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना प्रभारी निरीक्षक राजाराम द्विवेदी तथा भाऊपुर चौकी प्रभारी सुग्रीव प्रसाद गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुये पोस्टमार्टम के लिएये जिला अस्पताल भेज दिया।
रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के डा. अंकित शर्मा ने बताया कि होमगार्ड अनिल की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी जबकि दो गम्भीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। नेवढ़िया थाना प्रभारी निरीक्षक राजाराम द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!